Event Details
पितृपक्ष महासंगम 2026: स्वच्छता जागरूकता रैली
Event Information
12-Sep-2026
Vishnupad Mandir Gaya Ji
Active
Description
पितृपक्ष महासंगम 2026 के मद्देनज़र नगर निगम गया जी द्वारा शनिवार को विष्णुपद मंदिर परिसर से स्वच्छता एवं जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण तैयार करना तथा सफाई अभियान में जनभागीदारी बढ़ाना था।
जिला पदाधिकारी श्री शशांक शुभंकर, महापौर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार एवं सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
रैली में वार्ड पार्षदों, पंडा समाज के प्रतिनिधियों श्री अमरनाथ धोकड़ी एवं श्री मणिलाल बारीक सहित नगर निगम के पदाधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने मेला क्षेत्र एवं शहर को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और कचरा निर्धारित संग्रह स्थलों अथवा डस्टबिन में डालने का संदेश दिया।
स्वच्छता में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक: महापौर
महापौर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने कहा कि पितृपक्ष महासंगम गया जी की सांस्कृतिक पहचान और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखा जा सकता है।
स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित मेला क्षेत्र के लिए सहयोग करें: नगर आयुक्त
नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने कहा कि पितृपक्ष महासंगम के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों, दुकानदारों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि कचरा सड़क, घाट अथवा खुले स्थानों पर न फेंकें, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें और सफाईकर्मियों को सहयोग दें। पूजा सामग्री को सामान्य कचरे से अलग रखते हुए निर्धारित संग्रह व्यवस्था का पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों का जिम्मेदार व्यवहार ही स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाएगा।
जनभागीदारी से सफल होगा स्वच्छता अभियान: मोहन श्रीवास्तव
सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ. अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि पितृपक्ष महासंगम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गया जी आते हैं। ऐसे में शहर की स्वच्छता और गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सफाईकर्मियों के साथ मिलकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
रैली के दौरान नगर निगम की ओर से बताया गया कि पितृपक्ष मेला क्षेत्र को नो-प्लास्टिक जोन घोषित किया गया है तथा मेला क्षेत्र में नशे के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आमजन से संबंधित निर्देशों का पालन करने और पर्यावरण-अनुकूल आयोजन में सहयोग देने की अपील की गई।
पितृपक्ष महासंगम 2026 — श्रद्धा से तर्पण, स्वच्छता का अर्पण!